Maharajganj News नवनिर्माण के नौ वर्ष: शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में उपलब्धियों का प्रदर्शन, निपुण विद्यार्थियों व शिक्षकों को सम्मान - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Monday, 23 March 2026

Maharajganj News नवनिर्माण के नौ वर्ष: शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में उपलब्धियों का प्रदर्शन, निपुण विद्यार्थियों व शिक्षकों को सम्मान

 नवनिर्माण के नौ वर्ष: शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में उपलब्धियों का प्रदर्शन, निपुण विद्यार्थियों व शिक्षकों को सम्मान



महराजगंज, 23 मार्च 2026।

उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में पिछले नौ वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों का विस्तृत प्रदर्शन और समीक्षा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना निदेशक उपस्थित रहे। उन्होंने निपुण घोषित विद्यार्थियों एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। अवसंरचना विकास के अंतर्गत राजमार्गों के निर्माण से लेकर विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प तक आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और आईसीटी आधारित सुविधाओं का विस्तार किया गया है तथा कायाकल्प अभियान के माध्यम से विद्यालयों का समग्र रूपांतरण किया गया है। उन्होंने निपुण घोषित विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विभाग की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि जनपद में कुल 1724 परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प कर उन्हें डेस्क-बेंच, पेयजल, शौचालय, विद्युत, बाउंड्रीवाल और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। वर्ष 2024-25 तक 823 विद्यालय निपुण घोषित किए जा चुके हैं, जबकि सत्र 2025-26 में 1412 विद्यालयों के मूल्यांकन में 874 विद्यालय निपुण पाए गए हैं। जनपद के तीन विकास खंड पूर्णतः निपुण घोषित किए जा चुके हैं।

तकनीकी उन्नयन के अंतर्गत 408 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और 72 विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित की गई हैं। सभी विद्यालयों को टैबलेट और सिम उपलब्ध कराकर ऑनलाइन शिक्षण को बढ़ावा दिया गया है। 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को भी स्मार्ट सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 3148 नामांकन सुनिश्चित करते हुए 32 विशेष शिक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 1839 विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के साथ फल, दूध और पूरक पोषण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

वर्ष 2024 में घुघली में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना के लिए 24.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि सदर क्षेत्र में मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय के लिए 1.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए डीजी शक्ति और प्रोजेक्ट अलंकार सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान निपुण लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने वाले पांच विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें प्राथमिक विद्यालय पीड़रहिया की गुंजन यादव, कम्पोजिट विद्यालय रूधौली भावचक के अखिलेश मिश्र, प्राथमिक विद्यालय सलामतगढ़ के दिवाकर ध्वज सिंह, कम्पोजिट विद्यालय कानपुर के गोपाल पटेल, कम्पोजिट विद्यालय लखिमा थरुवा की रुक्मणी और प्राथमिक विद्यालय दुबौली की प्रियंका पटेल शामिल रहीं।

इसी क्रम में लक्ष्मीना, महक, अमन, अमृता और हसबुन्निसा सहित निपुण विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कायाकल्प एवं विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों—सुरेंद्र उपाध्याय, उषा गौतम, निमिषा सिंह, किरण त्रिपाठी, सुषमा गोंड, रवि कुमार, यश कुमार सिंह, रूपाली राय, वंदना, पूनम शर्मा और विनीता—को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार मौर्य ने किया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad