Maharajganj
महराजगंज, 23 मार्च 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मधवलिया स्थित गोसदन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट इकाई, गोबर गैस प्लांट तथा हरे चारे की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोबर गैस प्लांट के बंद होने के कारणों की जानकारी ली। जल निगम के जेई ने बताया कि गैस चैंबर में स्लरी जमा होने के कारण प्लांट निष्क्रिय हो गया है। इस पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर कमियां दूर कर गैस प्लांट को चालू कराने के निर्देश दिए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोसदन में कुल 737 गोवंश हैं, जिनमें 558 नंदी और 179 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए 234.08 कुंतल भूसा, 43.28 कुंतल चोकर, 71.15 कुंतल पशु आहार और 243.90 कुंतल साइलेज उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि गोसदन की भूमि पर 242 एकड़ में बाजरा, 2 एकड़ में नेपियर घास और 0.5 एकड़ में जई की खेती हरे चारे के लिए की जा रही है।
जिलाधिकारी ने पशुओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उत्पादन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण कर मुख्य द्वार सहित सभी प्रमुख स्थलों पर 15 दिन के बैकअप के साथ सीसीटीवी सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने गोसदन परिसर में फलदार वृक्ष लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे गोसदन को अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकती है। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के बारे में बीडीओ निचलौल से जानकारी ली। बीडीओ ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं और उनके माध्यम से ही इसकी बिक्री भी की जा रही है। साथ ही गोबर से गोकाष्ठ भी बनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी और जिला उद्यान अधिकारी के माध्यम से समूह का अनुबंध कराने के निर्देश दिए, ताकि वर्मी कंपोस्ट की बिक्री सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा अंत्येष्टि स्थलों और नगर निकायों में गोकाष्ठ की बिक्री के लिए कार्ययोजना बनाने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि मधवलिया गोसदन में आत्मनिर्भर और मॉडल गोसदन बनने की पूरी संभावना है, जिसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोसदन परिसर में आम का पौधा भी लगाया।
इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी निचलौल, बीडीओ निचलौल, डीपीआरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment