Maharajganj
महराजगंज। जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम बडहरा बरईपार में पुलिस की तत्परता से एक युवक की जान बच गई। पारिवारिक नाराजगी के चलते 18 वर्षीय युवक ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते पहुंची पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित बचा लिया।
बताया गया कि इमरान (18) पुत्र मो. इस्लामुद्दीन अपनी मां से किसी बात को लेकर नाराज हो गया और कमरे में खुद को बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसने फांसी लगाने की कोशिश की। स्थिति को भांपते ही घबराई मां ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अश्वनी गुप्ता, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी और हेड कांस्टेबल जयप्रकाश पासवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए बंद दरवाजा खुलवाया और कमरे के अंदर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और युवक की जान बच गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस की इस संवेदनशील और सराहनीय पहल की प्रशंसा की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की तत्परता से यह साबित हुआ है कि कठिन परिस्थितियों में भी पुलिस आमजन की मदद के लिए तत्पर रहती है, जिससे लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।

No comments:
Post a Comment