Maharajganj
![]() |
महराजगंज: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकल या संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाए और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी अधिकारी व कर्मचारी समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment