Maharajganj News डीजल–पेट्रोल और गैस की किल्लत की अफवाहों पर डीएम सख्त, कहा—जनपद में पर्याप्त उपलब्धता - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Sunday, 8 March 2026

Maharajganj News डीजल–पेट्रोल और गैस की किल्लत की अफवाहों पर डीएम सख्त, कहा—जनपद में पर्याप्त उपलब्धता

 महराजगंज, 08 मार्च 2026।



सोशल मीडिया पर डीजल–पेट्रोल तथा एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के मद्देनजर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन और जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों से डीजल–पेट्रोल तथा एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। इस पर सभी संचालकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से डीजल–पेट्रोल और एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति हो रही है तथा जनपद में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कहीं भी डीजल–पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अफवाह फैलाकर अनावश्यक घबराहट का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में वाहनों के अतिरिक्त कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तन में डीजल–पेट्रोल का विक्रय न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से बार-बार डीजल–पेट्रोल खरीदने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दी जाए।

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को भी निर्देशित किया कि एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही की जाए और ग्राहकों के घर तक वितरण सुनिश्चित किया जाए। बिना ऑनलाइन बुकिंग के सिलिंडर वितरण पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि गैस एजेंसी के गोदाम से सीधे सिलिंडर का वितरण नहीं किया जाएगा।

उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को टीम गठित कर प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने तथा औचक निरीक्षण के माध्यम से निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर संबंधित पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह सहित पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad