Maharajganj News अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट में भव्य कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं व छात्राएं सम्मानित - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Sunday, 8 March 2026

Maharajganj News अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट में भव्य कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं व छात्राएं सम्मानित

 Maharajganj 


महराजगंज, 08 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और छात्राओं को जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल तथा फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत विश्व स्तर पर लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान व पहचान देने के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में लंबा सफर तय किया है और आज वे शिक्षा, प्रशासन, उद्यमिता, विज्ञान, खेल तथा सुरक्षा सहित समाज के हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण और प्रगतिशील कदम उठाए जा रहे हैं। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत जनपद में 700 से अधिक महिला उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही आवास योजनाओं में भी महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए महिला मुखिया के नाम पर आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 41,908 बालिकाएं लाभान्वित हो रही हैं, जबकि 42,886 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की लगभग प्रत्येक कल्याणकारी योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि आज के समय में महिलाओं को अबला कहना उचित नहीं है, क्योंकि वे हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभी और कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में इन नंबरों के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि आज महिलाएं शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभर रही हैं। वे घर की दहलीज से निकलकर देश की सीमाओं की रक्षा तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समाज में महिलाओं की विविध भूमिकाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। इसलिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान जीजीआईसी आनंदनगर की प्रधानाचार्या ज्योति सिंह, मंजू भारती तथा सना सैय्यद सहित अन्य महिलाओं और छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर शिक्षा, समाजसेवा, स्वास्थ्य तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं और छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा, जहां मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और कुछ महिलाओं से संवाद भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, राजकीय महिला इंटर कॉलेज महराजगंज की प्रधानाचार्या अनामिका पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad