Maharajganj News भूमि विवाद मुक्त ग्राम व फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की डीएम ने की समीक्षा, 2–3 दिन में चिन्हांकन पूरा करने के निर्देश - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Sunday, 5 April 2026

Maharajganj News भूमि विवाद मुक्त ग्राम व फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की डीएम ने की समीक्षा, 2–3 दिन में चिन्हांकन पूरा करने के निर्देश

 Maharajganj 

Chief in editor Sunil Pandey 



महराजगंज, 05 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी द्वारा आज भूमि विवाद मुक्त राजस्व ग्राम अभियान एवं फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने दोनों अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि भूमि विवाद मुक्त राजस्व ग्राम अभियान के अंतर्गत लगभग 50 प्रतिशत ग्रामों में वादों का चिन्हांकन कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आगामी 2–3 दिनों के भीतर चिन्हांकन कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए और उसके बाद वादों के निस्तारण की प्रक्रिया युद्धस्तर पर शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर अभियान का असर जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों की होगी।

इसके बाद फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इसे शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। लेखपालों को निर्देश दिया गया कि वे गांवों में रात्रि प्रवास कर खतौनी से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और समयबद्ध तरीके से फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराएं।

जिलाधिकारी ने 06 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन ग्रामों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति कम है। इन गांवों में कैम्प लगाकर खतौनी शुद्धिकरण, नेम मैच स्कोर (NMS) और अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, साथ ही किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के लेखपाल, कृषि विभाग के तकनीकी सहायक (वर्ग-सी), खण्ड तकनीकी प्रबंधक (BTM) और सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM) को कैम्प मोड में ऑपरेटर के रूप में तैनात कर मिशन मोड में कार्य कराया जाए। कैम्प स्थल ऐसे स्थानों पर चयनित किए जाएं जहां आमजन की पहुंच आसान हो तथा बिजली, इंटरनेट, कुर्सी व मेज की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद मुक्त ग्राम और फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में हैं। भविष्य में किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही मिलेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इन अभियानों को सफल बनाने में सहयोग करें और किसानगण कैम्पों में पहुंचकर अपनी फॉर्मर आईडी अवश्य बनवाएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad