Maharajganj
Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में 06 अप्रैल 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित हुआ, जिसके तहत प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त भी की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों के साथ-साथ दोपहिया व चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस विभाग के अनुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


No comments:
Post a Comment