नंदनी मौर्य जिला संवाददाता
चुनाव में देरी पर भड़के ग्राम प्रधान, कार्यकाल बढ़ाने या प्रशासक बनाने की मांग
डुमरियागंज।
ब्लॉक सभागार डुमरियागंज में मंगलवार को ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय उर्फ छोटे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा शामिल हुए।
बैठक में ग्राम प्रधानों ने स्पष्ट कहा कि वे चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन यदि समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराए जाते हैं तो उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए या फिर उन्हें ही प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि किसी बाहरी व्यक्ति को प्रशासक बनाना स्वीकार नहीं होगा।
जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ग्राम प्रधान अपनी मांगों को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में यदि चुनाव नहीं होते हैं तो प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए या उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने प्रधानों के हित में निर्णय नहीं लिया तो जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष ताकीब रिजवी और ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने भी कहा कि ग्राम प्रधान गांवों के विकास की मुख्य कड़ी हैं, इसलिए उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष अजीत उपाध्याय ने किया। बैठक के अंत में बीडीओ की अनुपस्थिति में एडीओ पंचायत हरिशंकर सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान चंद्र प्रकाश चौधरी, राकेश द्विवेदी, पप्पू पाण्डेय, पप्पू श्रीवास्तव, राकेश पाण्डेय, केशभान चौधरी, विष्णु श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह, जहीर फारूकी, मनोज यादव, सचिन श्रीवास्तव, अवधेश कुमार, मोहम्मद इलियास, विनीत श्रीवास्तव, सुधीर वर्मा, रंजीत कुमार, राजू पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में प्रधान मौजूद रहे।
इंसर्ट: पूर्व विधायक को भी सौंपा ज्ञापन
बैठक के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा व ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह को भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रधानों की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की अपील की, जिस पर पूर्व विधायक ने जल्द ही इस विषय को उठाने का आश्वासन दिया।


No comments:
Post a Comment