Chief in editor Sunil Pandey
UP
उत्तर प्रदेश सरकार ने आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए महराजगंज को नया जिलाधिकारी दिया है। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं वर्तमान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का तबादला फिरोजाबाद के डीएम के रूप में किया गया है। नवागत डीएम गौरव सिंह सोगरवाल 04 मई को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
सीमावर्ती और भौगोलिक रूप से विस्तृत महराजगंज जिले में प्रशासनिक चुनौतियां हमेशा बनी रहती हैं। ऐसे में नए डीएम के आगमन से जनपदवासियों को विकास, कानून-व्यवस्था, पारदर्शिता और त्वरित न्याय को लेकर नई उम्मीदें हैं।
कौन हैं गौरव सिंह सोगरवाल?
गौरव सिंह सोगरवाल का जन्म 27 मार्च 1989 को राजस्थान के भरतपुर में हुआ। उन्होंने भारतीय विद्या पीठ, पुणे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक किया और बाद में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से लोक प्रबंधन (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) में एमए किया।
वे 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से संबंध रखते हैं। इससे पहले वे गोरखपुर में नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत रहे हैं। साथ ही सहायक कलेक्टर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, एसडीएम और महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रशासनिक कार्यशैली से बनाई पहचान
गौरव सिंह सोगरवाल अपने सख्त और प्रभावी प्रशासनिक फैसलों के लिए जाने जाते हैं। गोरखपुर में एसडीएम सदर रहते हुए उन्होंने बड़े स्तर पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया।
शहर में लगभग 80 एकड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 350 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया।
वर्षों से लंबित ताल सुमेर सागर की लगभग 12 एकड़ जमीन को मुक्त कराकर उसे पुनः तालाब का स्वरूप दिलाया।
उनकी इस कार्यशैली को “गोरखपुर मॉडल” के रूप में देशभर में सराहा गया।
कोरोना काल में नवाचार की मिसाल
कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने प्रशासनिक नवाचार की मिसाल पेश की। लॉकडाउन के समय लोगों को घर बैठे जरूरी सामान उपलब्ध कराने के लिए होम डिलीवरी सिस्टम शुरू कराया।
कई पोर्टल और एप के जरिए ऑर्डर व्यवस्था विकसित की
किराना और दवा दुकानों को जोड़कर घर-घर आपूर्ति सुनिश्चित की
जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई
इस व्यवस्था की प्रधानमंत्री कार्यालय तक सराहना हुई। साथ ही उन्होंने स्वयं लोगों के घर जाकर कोरोना जांच के प्रति जागरूकता फैलायी, जिससे जांच का दायरा तेजी से बढ़ा।
जनपद को नई दिशा की उम्मीद
महराजगंज जैसे संवेदनशील और सीमावर्ती जिले में गौरव सिंह सोगरवाल का अनुभव और कार्यशैली प्रशासन को नई दिशा दे सकती है। जनता को उनसे पारदर्शी प्रशासन, तेज विकास कार्यों और मजबूत कानून-व्यवस्था की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment