मनरेगा कार्यों में गुणवत्ता पर डीएम सख्त, खराब ईंटें हटवाने के निर्देश - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Saturday, 31 January 2026

मनरेगा कार्यों में गुणवत्ता पर डीएम सख्त, खराब ईंटें हटवाने के निर्देश

महराजगंज, 31 जनवरी 2026।

जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को फरेन्दा विकास खण्ड के


 ग्राम पंचायत गोपलापुर शाह एवं पिपरा विशंभरपुर में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम गोपलापुर शाह में पानी निकासी हेतु निर्मित की जा रही पक्की नाली के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने तत्काल उन्हें कार्यस्थल से हटवाकर उत्तम गुणवत्ता की ईंटें उपयोग में लाने के निर्देश दिए।

तकनीकी सहायक (टीए) द्वारा बताया गया कि उक्त पक्की नाली का निर्माण ग्रामीण प्रकाश के घर से हनुमान मंदिर तक लगभग 3 लाख 98 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्वीकृत लागत की जांच कराए जाने के लिए उपयुक्त अधिकारी को निर्देशित किया।

निरीक्षण के समय कार्यस्थल पर 13 मनरेगा मजदूर कार्यरत पाए गए, किन्तु जॉब कार्ड पर उपस्थिति एवं अन्य आवश्यक विवरण अंकित न होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत पिपरा विशंभरपुर में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण किया। भवन का निर्माण लगभग 8 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। मौके पर 12 मजदूर कार्यरत पाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 20 दिनों से निर्माण कार्य जारी है तथा दो कमरों एवं बरामदे का निर्माण छत स्तर तक पूर्ण हो चुका है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार फरेन्दा अंकित अग्रवाल, ग्राम प्रधान साधुशरण सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Chief in editor Sunil Pandey U P 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad