राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से खिलवाड़, महीनों तक नहीं हुई कार्रवाई
महराजगंज घुघली
जिस राष्ट्रीय ध्वज की शान पर देश के वीर सपूतों ने अपने प्राण न्योछावर किए, उसी तिरंगे की गरिमा से घुघली नगर पंचायत में गंभीर लापरवाही बरती गई। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित बस स्टैंड पार्क में लगा विशाल राष्ट्रीय ध्वज महीनों तक फटा हुआ लहराता रहा, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।
बताया जाता है कि यह पार्क नगर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री, राहगीर, बच्चे और बुजुर्गों का आना-जाना रहता है। लगभग चार किलोमीटर दूर से दिखाई देने वाला यह तिरंगा नगर की पहचान और गौरव का प्रतीक माना जाता है, लेकिन उसका फटा हुआ स्वरूप लंबे समय तक नगर की छवि को धूमिल करता रहा और राष्ट्रीय ध्वज की मर्यादा पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता रहा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर विषय की जानकारी कई बार नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों को दी गई, इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश है कि राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगे के सम्मान को लेकर बड़े-बड़े भाषण देने वाला प्रशासन उसकी बुनियादी गरिमा की रक्षा तक नहीं कर सका।
मामला उजागर होने के बाद नगर पंचायत की अतिरिक्त प्रभार अधिशासी अधिकारी कुद्रिया शाही ने बताया कि फटे राष्ट्रीय ध्वज को हटवाकर शीघ्र ही विधिवत तरीके से नया तिरंगा लगाया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय पर अपनी जिम्मेदारी निभाता, तो यह शर्मनाक स्थिति उत्पन्न ही नहीं होती।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ध्वज संहिता के तहत तिरंगे की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक सरकारी संस्था और नागरिक का संवैधानिक दायित्व है। ऐसे में घुघली नगर पंचायत की यह लापरवाही प्रशासनिक संवेदनहीनता का उदाहरण बनकर सामने आई है। नागरिकों ने मांग की है कि केवल आश्वासन तक सीमित न रहकर तत्काल कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, ताकि हर हाल में राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान कायम रह सके।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment