Maharajganj News विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान: डीएम ने फरेंदा विधानसभा के बूथों का किया निरीक्षण, एएसडी सूची निस्तारण के दिए निर्देश - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Saturday, 31 January 2026

Maharajganj News विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान: डीएम ने फरेंदा विधानसभा के बूथों का किया निरीक्षण, एएसडी सूची निस्तारण के दिए निर्देश

 Chief in editor Sunil Pandey U P 

महराजगंज।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र फरेंदा के प्राथमिक विद्यालय गोपालापुर स्थित मतदान बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट रोल) एवं एएसडी सूची का वाचन कर उपस्थित नागरिकों से संवाद किया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।





जिलाधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर पहुंचकर अपना नाम दर्ज कराएं। नया नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-06, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-07 तथा संशोधन के लिए फॉर्म-08 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बूथों पर बीएलओ के पास अद्यतन मतदाता सूची उपलब्ध रहे, ताकि नागरिक स्वयं नाम सत्यापित कर सकें। प्राथमिक विद्यालय गोपालापुर के बूथ संख्या 211 पर ड्राफ्ट रोल में 836 मतदाता पंजीकृत पाए गए, जबकि 130 मतदाता एएसडी सूची में दर्ज हैं। वहीं बूथ संख्या 212 पर 768 मतदाता ड्राफ्ट रोल में तथा 224 मतदाता एएसडी सूची में सम्मिलित हैं। जिलाधिकारी ने एएसडी सूची के मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील सदर में नो-मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिसों पर चल रही सुनवाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम सदर को बैठने, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए।

तहसील सदर में एक ईआरओ और आठ एईआरओ सहित कुल नौ अधिकारी सुनवाई कार्य में लगे हैं। जनपद में अब तक लगभग 30 प्रतिशत नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक त्रिपाठी, नायब तहसीलदार फरेंदा अंकित अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad