“सेहत केवल शहरों की सुविधा नहीं, गाँवों का भी अधिकार है” – डीएम संतोष कुमार शर्मा
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए माटी न्यास एवं भारत सरकार के उपक्रम Solar Energy Corporation of India (सेकी) के तत्वावधान में दो निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर महाराजगंज इंटर कॉलेज, मऊपाकड़ तथा मदर मरियम ग्लोबल स्कूल, कुल्हुई में आयोजित हुए, जहाँ एम्स और मेदांता जैसे बड़े अस्पतालों से जुड़े अनुभवी चिकित्सकों द्वारा लगभग 1000 से अधिक लोगों की निःशुल्क जांच कर दवाएं वितरित की गईं।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा, “सेहत केवल शहरों की सुविधा नहीं, गाँवों का भी अधिकार है। आज का यह प्रयास उसी अधिकार को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार भी ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, सभी ग्रामीण भाई-बहन इसका पूरा लाभ उठाएं।”
उन्होंने कहा कि निरोग रहने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनावमुक्त जीवन और व्यक्तिगत स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद तथा जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
मऊपाकड़ शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं
महाराजगंज इंटर कॉलेज, मऊपाकड़ में आयोजित शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सतीश चेतल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित रंजन, सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. जनार्दन सिंह, राज आई की टीम सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं।
कुल्हुई शिविर में भी उमड़ी भीड़
मदर मरियम ग्लोबल स्कूल, कुल्हुई में आयोजित शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अहमद मिनहाजुद्दीन, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक सोनकर, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार तथा रेमेडियो की टीम ने लोगों का परीक्षण किया।
यहां नायब तहसीलदार फरेंदा अंकित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी एक बड़ी चुनौती है, ऐसे शिविर उस कमी को दूर करने की दिशा में सार्थक प्रयास हैं और लोगों में नियमित स्वास्थ्य जांच की आदत विकसित करेंगे।
डॉ. अहमद मिन्हाज ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सशक्त समाज की नींव है, जबकि डॉ. संतोष ने उचित खान-पान, हरी सब्जियों के सेवन और नियमित व्यायाम पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में मदर मरियम ग्लोबल स्कूल की डायरेक्टर मीरा अधमी तथा महाराजगंज इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल सुजीत कुमार चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। माटी न्यास के संयोजक आसिफ आजमी ने दोनों स्थानों पर अतिथियों एवं चिकित्सकों का स्वागत किया।
दोनों शिविरों के सफल संचालन में प्रशांत त्रिपाठी, अनीस खान, मनीष जायसवाल, मोहम्मद आसिम, डॉ. धर्मेंद्र, वसीम रफी सहित माटी न्यास के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment