महराजगंज, 16 फरवरी 2026।
जिला स्तरीय साख समिति (DCC) की विशेष बैठक सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) भूपेन्द्र मिश्रा द्वारा किया गया।
बैठक में पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (DLRC) की बैठक दिनांक 30 जनवरी 2026 में लिए गए निर्णयों की बिंदुवार समीक्षा की गई। विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने संबंधित बैंकों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य सरकारी ऋण योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचे।
जनपद के बैंकिंग परिदृश्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दिसंबर 2025 तक जनपद में कुल जमा राशि ₹8739.68 करोड़ तथा कुल ऋण ₹6344.49 करोड़ दर्ज किया गया। जनपद का सीडी रेशियो 72.60 प्रतिशत रहा, जो निर्धारित मानक से अधिक है। अध्यक्ष ने सीडी रेशियो में और सुधार के लिए बैंकों को ऋण वितरण बढ़ाने तथा प्राथमिकता क्षेत्र में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु वार्षिक ऋण योजना (ACP) एवं ब्लॉक क्रेडिट प्लान (BCP) पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रस्तावित लक्ष्य को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया।
इसके साथ ही 20 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा क्रेडिट कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों को अधिकतम ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment