महराजगंज।
विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जनपदस्तरीय मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत 673 लाभार्थियों को कुल ₹1580.57 लाख (₹15.80 करोड़ से अधिक) का ऋण स्वीकृत/वितरित किया गया। इस अवसर पर 166 बैंक शाखाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ऋण योजनाओं का लाभ लेकर वे न केवल अपना व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए। उन्होंने बताया कि यह योजना सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली बिल में कमी और अतिरिक्त आय का अवसर प्रदान करती है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 1.08 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली में उपलब्ध पूंजी का सदुपयोग उत्पादक कार्यों में होना चाहिए। मेगा क्रेडिट कैंप का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।
योजनावार स्वीकृत ऋण
सीएम युवा योजना: 144 प्रकरण, ₹388.05 लाख
पीएम सूर्य घर योजना: 40 प्रकरण, ₹64.70 लाख
पीएम स्वनिधि योजना: 167 प्रकरण, ₹31.53 लाख
मुद्रा योजना: 53 प्रकरण, ₹228.10 लाख
पशुपालन (एनिमल हसबेंड्री): 104 प्रकरण, ₹193.15 लाख
अन्य योजनाएं: 165 प्रकरण, ₹675.04 लाख
कैंप में स्वरोजगार, लघु उद्योग, पशुपालन और सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में एलडीएम बी.एन. मिश्रा, उपायुक्त उद्योग नीरज कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जायसवाल, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment