Maharajganj News महराजगंज में विकास कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Wednesday, 25 February 2026

Maharajganj News महराजगंज में विकास कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 महराजगंज, 25 फरवरी 2026।



जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु जी’ ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण एवं विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बरतने तथा परियोजनाओं की प्रगति से संबंधित जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से अवगत कराने को कहा। साथ ही शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

चेतरा नर्सरी, वनग्राम–24 एवं हथियाहवा–बलुअहिया संपर्क मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वनग्रामों का विकास प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।

सीएचसी सोहगीबरवा के निर्माण कार्य के संदर्भ में उन्होंने आवश्यक स्टाफ की तैनाती कर शीघ्र संचालन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। वहीं राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय, बिशुनपुर में कार्य में विलंब पर संबंधित ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने को कहा।

बैठक में बी एवं सी ग्रेड की योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के उपरांत मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन मल्टीपर्पज हॉल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही हॉल परिसर में स्वयं सहायता समूहों एवं जनपद के प्रमुख उत्पादों के लिए दुकानों की व्यवस्था करने का सुझाव दिया, जिससे स्थानीय समूहों को प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों में नवाचार अपनाने की अपील करते हुए पर्यटन, कृषि और एमएसएमई क्षेत्रों में रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में जनपद की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का शत–प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad