Maharajganj News महराजगंज में सक्सेना चौक प्रकरण की होगी उच्चस्तरीय जांच, तीन सदस्यीय समिति गठित - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Tuesday, 17 February 2026

Maharajganj News महराजगंज में सक्सेना चौक प्रकरण की होगी उच्चस्तरीय जांच, तीन सदस्यीय समिति गठित

महराजगंज।

जनपद मुख्यालय स्थित सक्सेना चौक पर गोवंश की अस्थियां रखकर किए गए प्रदर्शन के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।

गठित समिति में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शामिल किया गया है। समिति को निर्देश दिया गया है कि वह घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित पक्षों से जानकारी एकत्र करे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, ऐसे में इस प्रकार की घटना अत्यंत संवेदनशील है।

प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि अस्थियां सार्वजनिक स्थल तक कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में प्रदर्शन की स्थिति बनी। साथ ही यह पहलू भी देखा जाएगा कि कहीं यह कृत्य जानबूझकर सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने अथवा प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देने के उद्देश्य से तो नहीं किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यों पर आधारित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad