महराजगंज।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) 15 मार्च 2026 को जनपद के धनेई स्थित सर्वोदय कॉलेज परिसर में ‘सामाजिक समरसता महारैली’ का आयोजन करने जा रही है। पार्टी नेताओं के अनुसार यह रैली जिले में संगठन की ताकत दिखाने के साथ सामाजिक समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत 100 से अधिक ब्राह्मणों के सामूहिक शंखनाद के साथ किए जाने की तैयारी है।
रैली की तैयारियों को लेकर स्थानीय निरीक्षण भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं से आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह महारैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाने का प्रयास है।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. राजभर ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में सुभासपा लगातार शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि यह रैली सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के संकल्प को मजबूत करने का काम करेगी।
महारैली के प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिले में विभिन्न समितियां गठित कर दी गई हैं। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं और पीले झंडे के साथ प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
बैठक के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 15 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महारैली को सफल बनाने की अपील की।

No comments:
Post a Comment