Maharajganj News गैस की कालाबाजारी पर सख्ती: महराजगंज में कंट्रोल रूम स्थापित, शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Saturday, 14 March 2026

Maharajganj News गैस की कालाबाजारी पर सख्ती: महराजगंज में कंट्रोल रूम स्थापित, शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

 महराजगंज, 14 मार्च 2026।



जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने गैस वितरण से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना कराई है। कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8423675896 जारी किया गया है, जिस पर आमजन गैस आपूर्ति से जुड़ी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल को नामित किया गया है, जबकि उपजिलाधिकारी विजय यादव प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक कंट्रोल रूम का पर्यवेक्षण करेंगे।

जिलाधिकारी ने जनपद की चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे भ्रमणशील रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर सख्त निगरानी रखें। यदि कोई गैस एजेंसी या व्यक्ति अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके। इसके लिए चारों तहसीलों में प्रवर्तन दलों का गठन किया गया है, जो औचक छापेमारी कर स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच करेंगे। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा तेल कंपनियों के नोडल अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी शामिल रहेगी।

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्मों और विभिन्न चैनलों पर प्रसारित संदेशों व वीडियो पर भी कड़ी निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही गैस सिलेंडर के वितरण के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सिलेंडर ले जाने वाले वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा अस्थायी रूप से घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए एलपीजी वितरण किया जा रहा है। पारदर्शिता के लिए ओटीपी के माध्यम से रीफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं और बुकिंग के बाद होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करने और एजेंसियों पर भीड़ न लगाने की अपील भी की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है। जनपद में 13 मार्च 2026 को घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग 9663 रही, जबकि उससे पहले दिन यह संख्या 11163 थी। 13 मार्च 2026 को घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक 15343 था, जिसके सापेक्ष 9761 सिलेंडरों की बिक्री हुई। 14 मार्च 2026 को घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रारंभिक स्टॉक 5582 है और वितरण सुचारु रूप से जारी है।

जनपद में आईओसीएल की 18, बीपीसीएल की 9 और एचपीसीएल की 20 गैस एजेंसियों के माध्यम से एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad