Maharajganj
महराजगंज। पवित्र धाम वृंदावन की पावन भूमि से पूरे देश में गौ माता को सम्मान दिलाने और गौ संरक्षण सहित अन्य मांगों को लेकर संतों व गौ प्रेमियों द्वारा चलाए जा रहे “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत जनपद महराजगंज में भी अभियान को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
जनपद की चारों तहसीलों—निचलौल, फरेंदा, नौतनवा और सदर—में अभियान के संचालन के लिए कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में निचलौल तहसील की कार्यकारिणी को लेकर सिसवा बाजार स्थित श्री राम-जानकी मंदिर परिसर में तहसील प्रभारी प्रमोद मधेसिया के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गौ प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि 27 अप्रैल को प्रत्येक तहसील में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम शांतिपूर्ण तरीके से प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा, जिसमें देशभर में गौ माता को उचित सम्मान दिलाने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जाएगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही मोबाइल नंबर 9067777323 पर मिस कॉल देकर भी लोग गौ माता के सम्मान के लिए अपना समर्थन दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा तहसील क्षेत्र में जगह-जगह गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान के जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि जनपद की चारों तहसीलों में तहसील प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। सभी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में टीम का गठन कर संतों के आशीर्वाद, गौ सेवकों की प्रेरणा और आम जन के सहयोग से अभियान को सफल बनाने का कार्य करेंगे।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने गौ माता को सम्मान दिलाने के लिए सामूहिक शपथ भी ली।
इस अवसर पर तहसील प्रभारी प्रमोद मधेसिया, अमित पुरी, आशुतोष भालोटिया, अंकित लाठ, नितेश श्रीवास्तव, रविराज जायसवाल, मोहन अग्रवाल, कन्हैयालाल शर्मा, अमरनाथ खरवार, शुभम केडिया, अतुल जायसवाल, कृष्ण मुरारी सिंह, कौशलेंद्र सिंह, सुनील रौनियार, आचार्य रामकृष्ण मिश्र तथा राम मंदिर के पुजारी विजय शर्मा सहित अन्य गौ प्रेमी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment