Maharajganj
चौक/महराजगंज।
थाना चौक क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया स्थित मिठौरा इंडेन गैस सेवा के गोदाम में चोरों ने बीती रात बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। गोदाम का ताला तोड़कर 76 गैस सिलेंडर चोरी कर लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी की प्रोपराइटर अस्मिता चंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घटना 13 मार्च की रात की है। गोदाम इंचार्ज नागेंद्र यादव शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे गोदाम पहुंचे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद जब सिलेंडरों का मिलान किया गया तो 12 भरे हुए और 64 खाली सिलेंडर, यानी कुल 76 सिलेंडर गायब मिले।
घटना की सूचना एजेंसी संचालक द्वारा पुलिस को दी गई और मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस के बयान से बढ़ी चर्चा
इस मामले में जब चौक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्त से बात की गई तो उन्होंने कहा कि “प्रथम दृष्टया यह सूचना गलत प्रतीत हो रही है। शिकायत मिली है और जांच की जा रही है। जांच के बाद ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
एक तरफ एजेंसी संचालक इतनी बड़ी चोरी का दावा कर रहे हैं, वहीं पुलिस द्वारा इसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर सिलेंडर चोरी की सच्चाई क्या है।


No comments:
Post a Comment