महराजगंज।
जहां एक ओर पूरा देश होली के उल्लास में डूबा हुआ है और लोग आपसी भाईचारे के साथ पर्व मना रहे हैं, वहीं जनपद महराजगंज के जिला आबकारी कार्यालय में होली के मौके पर एक शर्मनाक घटना सामने आई। यहां आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा एक स्थानीय टीवी चैनल के पत्रकार के साथ सार्वजनिक रूप से अमर्यादित व्यवहार और उपहास किए जाने का आरोप लगा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 03 मार्च 2026 को पत्रकार राकेश त्रिपाठी होली मिलन के उपलक्ष्य में जिला आबकारी अधिकारी के कार्यालय पहुंचे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह अपनी गाड़ी से उतरे, आबकारी निरीक्षक (निचलौल) वैभव यादव, आबकारी निरीक्षक (सदर) गिरीश कुमार तथा कार्यालय के एक कर्मचारी ने उन्हें घेर लिया और कटाक्ष भरे लहजे में बातचीत शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आबकारी निरीक्षक वैभव यादव ने पत्रकार से कहा कि “आप हमारी खबरें बहुत मन से छापते हैं और कमिश्नर साहब को टैग करके ट्वीट करते हैं।” इसके बाद उन्होंने अपनी फटी हुई शर्ट की आस्तीन दिखाते हुए व्यंग्य किया कि “आज मेरी शर्ट फटी हुई है, इसे भी लिखकर अखबार में छाप दीजिए और कमिश्नर साहब को टैग कर दीजिएगा।”
बताया जाता है कि इस दौरान आबकारी निरीक्षक सदर गिरीश कुमार ने भी पत्रकार का मजाक उड़ाया। इस घटना को लेकर स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है। पत्रकारों का कहना है कि यदि अधिकारी अपनी कमियों को उजागर करने वाली खबरों से नाराज होकर पत्रकारों का इस तरह सार्वजनिक रूप से उपहास करेंगे, तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान है।
पत्रकार जगत के लोगों का कहना है कि सच्चाई लिखना कोई अपराध नहीं है। यदि किसी विभाग की अनियमितताओं को सामने लाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों को उसे सुधारने की दिशा में कदम उठाना चाहिए, न कि पत्रकारों को निशाना बनाना चाहिए।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी खबरों को लेकर आबकारी निरीक्षक वैभव यादव द्वारा कथित रूप से पत्रकार को धमकी देने की बात सामने आ चुकी है। इस घटना के बाद पत्रकारों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

No comments:
Post a Comment