Maharajganj News बर्ड फ्लू को लेकर सतर्क प्रशासन, जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Saturday, 28 March 2026

Maharajganj News बर्ड फ्लू को लेकर सतर्क प्रशासन, जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

 Chief in editor Sunil Pandey U P 


महराजगंज, 28 मार्च 2026। नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू के मामलों को देखते हुए जनपद में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में बर्ड फ्लू से संबंधित जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से बर्ड फ्लू की वर्तमान स्थिति एवं रोकथाम के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद महराजगंज में अब तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है तथा आसपास के जिलों में भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। हालांकि नेपाल के छापा और मोरंग जिलों में कुछ मामले सामने आए हैं, लेकिन सीमावर्ती जिलों नवलपरासी और रूपनदेही में अभी तक कोई संक्रमण नहीं पाया गया है।

उन्होंने बताया कि कुक्कुट पालकों से लगातार संवाद किया जा रहा है और उन्हें सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए तहसील स्तर पर चार-चार त्वरित कार्यवाही दल (आरआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा जनपद स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 8765957965 है। इस पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। उन्होंने तहसील स्तरीय पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट उपलब्ध कराने तथा विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में रैंडम सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराने, कुक्कुट पालकों से सहयोग सुनिश्चित कराने तथा बर्ड फ्लू के लक्षणों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। साथ ही निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध सूचना को तुरंत पशुधन विभाग को उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीवीओ डॉ. एजाज़ अहमद, डिप्टी सीवीओ डॉ. विनोद विश्वकर्मा, एआरटीओ मनोज सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, एई पीडब्ल्यूडी करन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad