Maharajganj
महराजगंज, 24 मार्च 2026।
जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति एवं परिवहन सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्कूल बसों और टैक्सियों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चालकों की नियमित आंखों की जांच, ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन और समुचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, बच्चों को स्कूल आते-जाते समय बसों, टैक्सियों और ई-रिक्शा में अधिक संख्या में न बैठाने के सख्त निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि एम्बुलेंस चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
इसी क्रम में अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी को पुल एवं पुलियों की क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों और तीव्र मोड़ों पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस को सख्त चालान कार्रवाई करने को कहा गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में आर.के. मिश्रा (अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी), सर्वजीत वर्मा (एआरएम), मनोज सिंह (एआरटीओ), रिद्धि पाण्डेय (बेसिक शिक्षा अधिकारी), आनंद सिंह, टीआई ए.वी. सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment