Maharajganj
महराजगंज, 24 मार्च 2026। जनपद में अवैध खनन और उसके परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस बैठक में सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, एआरटीओ और खनन अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद में इस तरह की गतिविधियां बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने खनन निरीक्षक से पंजीकृत वाहनों और वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) युक्त वाहनों की जानकारी ली। बताया गया कि कुल 327 वाहन खनन परिवहन के लिए पंजीकृत हैं, जिनमें मात्र 8 में ही वीएलटीडी लगा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बिना वीएलटीडी वाले वाहनों पर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देशित किया कि खनन सामग्री का परिवहन केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप और अनुमन्य वाहनों से ही हो। ओवरलोडिंग पर सख्ती बरतने के साथ ही गैर-वाणिज्यिक वाहनों से खनन सामग्री ढोने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा, सभी पंजीकृत वाहनों पर स्पष्ट संकेतक चिन्ह (जैसे पेंटिंग आदि) लगाने के निर्देश दिए गए। बिना चिन्ह वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर तत्काल औचक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गठित टीमें प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी और खनन अधिकारी उपस्थित रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment