नौतनवा में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद दी जान
महराजगंज। जिले के नौतनवा नगर में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में मातम और सन्नाटा छा गया।
जानकारी के अनुसार भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा नगर पालिका के गांधी नगर वार्ड में रहने वाले अमरेश कुमार अपनी पत्नी वंदना कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। वंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी मुख्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार को वंदना कुमारी रोज की तरह ड्यूटी पर चली गई थीं। घर में अमरेश अपने चार वर्षीय बेटी कंचन और तीन वर्षीय पुत्र अमरेंद्र के साथ था। इसी दौरान उसने पहले दोनों मासूम बच्चों का रस्सी से गला कस दिया। बच्चों की मौत के बाद उसने खुद भी कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर का मंजर देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर लिखा एक संदेश और एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

No comments:
Post a Comment