महराजगंज, 7 मार्च 2026।
विकास खंड नौतनवा की ग्राम पंचायत बड़हरा में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है, ताकि आमजन को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित योजनाओं को अभियान चलाकर पूरा किया जाए।
उन्होंने मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण जागरूक हों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।
इस दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सभी कर्मचारी नियमित रूप से गांव में आते हैं और अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत उपभोक्ताओं को 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है, जिससे बिजली बिल में कमी आती है और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत की जनसंख्या 2614 तथा कुल 508 परिवार हैं। गांव में 569 आयुष्मान कार्ड, 644 किसान सम्मान निधि, 450 पात्र गृहस्थी कार्ड, 33 अंत्योदय कार्ड, 94 वृद्धावस्था पेंशन, 21 निराश्रित महिला पेंशन और 10 दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी हैं। इसके अलावा 336 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और 56 परिवारों की फैमिली आईडी बनाई जा चुकी है।
चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में 77 लोगों को चिकित्सीय परामर्श व दवाएं दी गईं तथा 26 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी नौतनवा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment