महराजगंज, 10 मार्च 2026।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज तथा जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज पहुंचकर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम तथा परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए जांच स्थलों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों के लिए केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल, सुविधाजनक फर्नीचर तथा स्वच्छ शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा।
उन्होंने केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी देखी और कहा कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। परीक्षार्थियों के प्रवेश एवं जांच व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 व 15 मार्च को चार पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4560 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 18,240 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment