Maharajganj News नवरात्रि से पूर्व लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान, डीएम-सीडीओ ने किया निरीक्षण - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Sunday, 22 March 2026

Maharajganj News नवरात्रि से पूर्व लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान, डीएम-सीडीओ ने किया निरीक्षण

 Maharajganj 



महराजगंज, 22 मार्च 2026। फरेंदा स्थित लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में नवरात्रि के मद्देनजर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया और स्वयं सफाई अभियान में भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर से प्रवाहित नाले की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए उपजिलाधिकारी फरेंदा और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही नाले की पैमाइश कराकर उसका विधिवत चिन्हांकन कराया जाए, जिससे जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले फूल-माला और अन्य जैविक अपशिष्ट के निस्तारण के लिए ऑर्गेनिक कम्पोस्टर मशीन स्थापित किए जाने के निर्देश भी दिए गए। इससे तैयार होने वाली कम्पोस्ट खाद का उपयोग मंदिर परिसर के सुन्दरीकरण और पौधारोपण में किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं में भी वितरित किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 400 दुकानें संचालित हैं, जो कई लोगों की आजीविका का आधार हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुकानों को सुव्यवस्थित और सुनियोजित ढंग से व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए, ताकि दर्शनार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित अतिथि भवन, धर्मशाला और सीढ़ी-पौड़ी सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे तालाब सुन्दरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए सुलभ शौचालय निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।



इससे पूर्व जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने मंदिर में आर्द्रवन देवी (लेहड़ा देवी) के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, तहसीलदार वशिष्ठ कुमार, थानाध्यक्ष फरेंदा, मेला प्रभारी, पुलिस बल तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad