महराजगंज
महराजगंज। डीएम संतोष कुमार शर्मा द्वारा कैम्प कार्यालय कक्ष में जन शिकायतों के निस्तारण के संबंध में ऑफलाइन तथा ऑनलाइन/आईजीआरएस पोर्टल से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जन शिकायतों का निस्तारण गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों की मॉनिटरिंग शासन स्तर पर भी की जा रही है, इसलिए प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक पढ़कर उसकी प्रकृति के अनुसार ‘मांग’ एवं ‘शिकायत’ की श्रेणी में विभाजित कर निस्तारित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चकमार्ग, नाली निर्माण अथवा अन्य विकास कार्यों से संबंधित प्रार्थनापत्रों को ‘मांग’ की श्रेणी में तथा कार्यों में अनियमितता से जुड़े प्रकरणों को ‘शिकायत’ की श्रेणी में वर्गीकृत किया जाए।
डीएम ने निर्देश दिया कि किसी भी मांग अथवा शिकायत को बिना ठोस कारण के ‘स्पेशल क्लोज’ न किया जाए। अनावश्यक रूप से स्पेशल क्लोज किए जाने पर शासन स्तर से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शासन के निर्देशानुसार प्रातः 10 बजे अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जन शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री कार्यालय से किसी भी समय ऑनलाइन जांच की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिकायतों के निस्तारण में केवल कंप्यूटर ऑपरेटर पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं प्रतिदिन समीक्षा कर निस्तारण करें। प्रकरण के समापन से पूर्व शिकायतकर्ता से वार्ता कर ओटीपी प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों में शिकायतों की संख्या अधिक है, वे नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में महेंद्र कुमार सिंह (मुख्य विकास अधिकारी), प्रशांत कुमार (अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व), विजय कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार ऑनलाइन माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment